CG News: शादी के चार दिन बाद युवक की सड़क हादसे में मौत…मातम में बदली खुशियां

0
31

बिलासपुर। बिलासपुर में तेज रफ्तार बाइक खड़ी ट्रक से जा टकराई, जिससे युवक की मौत हो गई। युवक की चार दिन पहले ही शादी हुई थी और वह अपनी पत्नी को लेकर ससुराल आया था। वह पत्नी को छोड़कर अपने रिश्तेदार के घर से लौट रहा था। तभी ये हादसा हो गया।  घटना सीपत थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के दमखांचा निवासी राजू गोंड़ रोजी-मजदूरी करता था। उसकी शादी सीपत क्षेत्र के ग्राम खांडा में 26 फरवरी को हुई थी। वह अपनी पत्नी को लेकर बारात के साथ गांव लौट गया था। गुरुवार को वह अपनी पत्नी संगीता को लेकर ससुराल आया था। यहां पर मंडप निकालने का रस्म होना था।











रिश्तेदार के घर से लौटते समय हुआ हादसा
राजू अपनी पत्नी को उसके घर में छोड़ने के बाद वह खम्हरिया में रहने वाले रिश्तेदार के घर चला गया था। रिश्तेदारों से मिलने के बाद वह अपनी बाइक से ससुराल लौट रहा था। अभी वह लुतरा के राउतराय मैदान के सामने पहुंचा था, जहां सड़क किनारे ट्रेलर खड़ी थी। युवक की बाइक काफी तेज रफ्तार में थी। तभी अचानक उसकी बाइक खड़ी ट्रेलर से जा टकराई। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल राजू की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। उसके पास मिले दस्तावेज से पहचान कर पुलिस ने परिजन को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मातम में बदली खुशियां
घटना की सूचना मिलते ही राजू के ससुराल वाले बड़ी संख्या में लुतरा पहुंच गए। मृतक के साले अजीत ने बताया कि शादी के बाद उनकी बहन संगीता और दामाद पहली बार घर आए थे। शादी के बाद मंडप उतारने का रस्म होना था। इस हादसे के बाद परिवार की खुशियां मातम में बदल गई।















LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here