छत्तीसगढ़

CG News: करोड़ों के स्क्रैप चोरी मामले में सीआईएसएफ के 7 जवान सस्पेंड, सुरक्षा में लापरवाही भारी पड़ी

दुर्ग-भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट से करीब 250 टन लौह स्क्रैप और ऑस्ट्रेलियन कोक की चोरी के मामले में अब केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने भी बड़ी कार्रवाई की है। सुरक्षा में लापरवाही बरतने के आरोप में सीआईएसएफ के सात जवानों को निलंबित कर दिया गया है। सीआईएसएफ अधिकारियों ने निलंबन की पुष्टि की है, हालांकि कार्रवाई के कारणों पर आधिकारिक तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की गई है। माना जा रहा है कि यह कार्रवाई बीएसपी में सामने आए स्क्रैप और कोक चोरी के मामले से जुड़ी है।







भिलाई स्टील प्लांट से करोड़ों रुपये के स्क्रैप चोरी के मामले के सामने आने के बाद बीएसपी प्रबंधन ने विभागीय जांच कराई थी। जांच के आधार पर जीएम हिमांशु भूषण मलिक, इंजीनियर एसोसिएट मनोज कुमार देवांगन और नॉन-एग्जीक्यूटिव धनंजय वर्मा को निलंबित किया गया। इसके बाद दुर्ग पुलिस ने जीएम हिमांशु भूषण मलिक और इंजीनियर मनोज कुमार देवांगन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
 

इस मामले में दुर्ग पुलिस अब तक बीएसपी के जीएम, नॉन-एग्जीक्यूटिव, ट्रांसपोर्टर, सुपरवाइजर समेत कुल 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बीएसपी की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ के अधिकारियों और जवानों से भी पूछताछ की। पूछताछ के दायरे में आए निरीक्षक, प्रधान आरक्षक और आरक्षक सहित सात जवानों को निलंबित किया गया है।

सूत्रों के अनुसार सीआईएसएफ भी इस पूरे मामले में विभागीय जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में इन सातों जवानों की भूमिका सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से लापरवाहीपूर्ण पाई गई है। इससे पहले भी सीआईएसएफ इस मामले में दो वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला कर चुकी है। विभागीय जांच अभी जारी है।

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button