छत्तीसगढ़ September 26, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news

महानदी में बहती आई शराब, बोतलें लूटने पुल पर जुटे लोग, जान जोखिम में डालकर करते रहे जुगाड़, देखें VIDEO…

Sudhir Sahu
26 Sep 2026, 04:59 PM
छत्तीसगढ़
Share
Share
Share
Follow
Preferred
महानदी में बहती आई शराब, बोतलें लूटने पुल पर जुटे लोग, जान जोखिम में डालकर करते रहे जुगाड़, देखें VIDEO…
प्रवीण साहू, अभनपुर। महानदी में आई बाढ़ के बीच एक अलग ही नजारा देखने को मिला। धमतरी जिले की ओर से तेज बहाव के साथ प्लास्टिक की बोतलों में भरकर शराब पानी में बहते हुए गोबरा नवापारा की ओर पहुंचने की खबर के बाद लोगों की भीड़ सोमवारी बाजार पुल पर लग गई है। रायपुर और धमतरी जिले को जोड़ने वाले इस पुल पर लोग नदी के बहाव पर नजरें टिकाए शराब की बोतलों को पकड़ने की कोशिश करते नजर आए।

बताया जा रहा है कि महानदी के तेज बहाव में प्लास्टिक की बोतलों में भरी शराब बहकर आ रही थी। जैसे ही लोगों को इसकी जानकारी मिली, मौके पर भीड़ बढ़ती गई। कुछ लोग बांस में जाली लगाकर तो कुछ अन्य स्थानीय जुगाड़ के जरिए नदी के किनारे और पुल के आसपास बहकर आ रही बोतलों को निकालने की कोशिश करते दिखाई दिए। इस दौरान शराब की बोतलें पकड़ने की होड़ में लोग अपनी जान तक जोखिम में डालते नजर आए। महानदी का बहाव तेज होने के बावजूद मदिरा प्रेमी पुल के ऊपर चढ़कर बोतलें निकालने की कोशिश करते रहे।

थोड़ी सी लापरवाही पड़ सकती है भारी
बाढ़ के बीच इस तरह की लापरवाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। बाढ़ के कारण महानदी इस समय उफान पर है और पानी का बहाव काफी तेज है। इसके बावजूद शराब की बोतलें पकड़ने के लिए लोगों का नदी के बेहद करीब तक पहुंचना हादसे को न्योता दे रहा है। सोमवारी बाजार पुल पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जमा रही और नदी में बहकर आ रही बोतलों को लेकर लोगों के बीच चर्चा होती रही। इधर महानदी में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन लगातार लोगों से नदी, पुल और तेज बहाव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखने की अपील कर रहा है। बाढ़ की स्थिति में थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।

खबर शेयर करें: