रायगढ़

 Raigarh News: शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, 27 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार,  शादी का आश्वासन देकर युवती से भी लिए 2.50 लाख रुपये

 















रायगढ़। “अभियान संवेदना” के तहत रायगढ़ पुलिस ने महिलाओं से संबंधित अपराध में त्वरित कार्रवाई करते हुए शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में 27 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, थाना घरघोड़ा क्षेत्र की 27 वर्षीय युवती ने 20 अगस्त 2026 को महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2023 में उसकी पहचान मोबाइल फोन के माध्यम से तरूण कुमार कर्ष, निवासी ग्राम ओडेकेरा, जिला सक्ती से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने उससे प्रेम का इजहार करते हुए शादी का वादा किया।

पीड़िता का आरोप है कि सितंबर 2024 में आरोपी उसे एक होटल में ले गया और शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह उसके किराये के मकान में भी आता-जाता रहा। पीड़िता के मुताबिक दोनों ने मंदिर में शादी भी की थी और वह आरोपी से सामाजिक रूप से विवाह करने के लिए लगातार कहती रही।

शिकायत के अनुसार, आरोपी 18 मार्च 2026 को अपने पिता, दोस्त और जीजा के साथ पीड़िता के घर रिश्ता लेकर भी आया था तथा नवंबर में शादी करने की बात कही थी। इसी दौरान आरोपी ने अलग-अलग समय पर पैसों की जरूरत बताकर पीड़िता से करीब 2.50 लाख रुपये भी लिए।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 17 अगस्त 2026 को उसे जानकारी मिली कि आरोपी ने किसी अन्य युवती से शादी कर ली है। फोन पर पूछताछ करने पर आरोपी ने दूसरी शादी की बात स्वीकार कर ली और पीड़िता से शादी करने से इनकार करते हुए पैसे वापस करने से भी मना कर दिया। आरोप है कि आरोपी ने उसे धमकी भी दी।

इसके बाद पीड़िता ने अपने परिजनों से चर्चा कर 20 अगस्त को महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 74/2026, धारा 69, 351(3) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर तत्काल पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और आरोपी की तलाश शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी तरूण कुमार कर्ष (27), पिता रोहित लाल कर्ष, निवासी ग्राम ओडेकेरा, वार्ड नंबर 10, थाना जैजैपुर, जिला सक्ती को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसे 21 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि महिलाओं से संबंधित अपराधों में “अभियान संवेदना” के तहत शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं से संबंधित अपराधों में रायगढ़ पुलिस त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। पीड़ित महिलाएं या युवतियां बिना संकोच पुलिस के समक्ष शिकायत रखें। शिकायत प्राप्त होते ही तथ्यों के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए दोषियों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।







raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।






Back to top button