रायगढ़ में सड़क पर आए 18 हाथी, रात 2 बजे तक डटे रहे, वन विभाग ने रोका ट्रैफिक, 28 हाथियों की मौजूदगी से दहशत
रायगढ़ में सड़क पर आए 18 हाथी, रात 2 बजे तक डटे रहे, वन विभाग ने रोका ट्रैफिक, 28 हाथियों की मौजूदगी से दहशत
रायगढ़। रायगढ़ जिले के बंगुरसिया क्षेत्र में हाथियों का दल लगातार विचरण कर रहा है। गुरुवार शाम करीब 6 बजे हाथियों का दल सड़क पर आ गया। इसके बाद वन विभाग ने सुरक्षा के मद्देनजर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही रोक दी। हाथियों का दल रात करीब 2 बजे तक सड़क और उसके आसपास मौजूद रहा।
जानकारी के अनुसार, बंगुरसिया सर्किल में इन दिनों करीब 28 हाथियों का दल घूम रहा है। इनमें से 18 हाथियों का दल गुरुवार शाम सड़क किनारे पहुंच गया। कुछ देर बाद हाथी सड़क पार कर जंगल में चले गए, लेकिन थोड़ी देर बाद फिर सड़क पर लौट आए।
वन विभाग ने रोकी वाहनों की आवाजाही
हाथियों के दोबारा सड़क पर आने के बाद वन अमले ने दोनों ओर से वाहनों को रोक दिया। इस दौरान एक अकेला हाथी और उससे कुछ दूरी पर 9 हाथियों का दूसरा दल भी मौजूद था। रातभर हाथी सड़क और सड़क किनारे डटे रहे।
वाहन चालकों को वापस लौटाया
कुछ वाहन चालक हाथियों की मौजूदगी के बावजूद वहां से गुजरने की कोशिश कर रहे थे। वनकर्मियों ने उन्हें समझाइश देकर सुरक्षित वापस लौटा दिया, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
प्रभावित क्षेत्र में रातभर होती रही मुनादी
हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने सड़क पर राहगीरों को लगातार सतर्क किया। साथ ही आसपास के गांवों में मुनादी कर लोगों से रात में सतर्क रहने, अकेले जंगल नहीं जाने और हाथियों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई।
सभी हाथियों के दल पर रखी जा रही निगरानी
बंगुरसिया सर्किल प्रभारी प्रेमा तिर्की ने बताया कि सभी हाथियों के दल पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि रात में कुछ लोग हाथियों की मौजूदगी के बावजूद सड़क पार करने का प्रयास कर रहे थे, जिन्हें समझाकर वापस भेजा गया।
वन विभाग की अपील
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों के पास न जाएं, उन्हें किसी भी तरह से परेशान या छेड़छाड़ न करें। हाथी प्रभावित क्षेत्र में अकेले जाने से बचें और हाथियों की जानकारी मिलने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें।