‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष: वर्षभर चलने वाला राष्ट्रगौरव और जनभागीदारी अभियान आज से प्रारंभ
‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष: वर्षभर चलने वाला राष्ट्रगौरव और जनभागीदारी अभियान आज से प्रारंभ
रायपुर। “वंदे मातरम्” की 150वीं वर्षगांठ पूरे देश के लिए गर्व और राष्ट्रभक्ति का अद्वितीय अवसर है। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के मार्गदर्शन में यह ऐतिहासिक पर्व वर्षभर चलने वाले महाअभियान के रूप में मनाया जाएगा। छत्तीसगढ़ में भी इस आयोजन को ग्राम पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक जनभागीदारी के साथ चार चरणों में संपन्न किया जाएगा।
पहला चरण: 7 नवम्बर से प्रारंभ
वर्षगांठ समारोह का शुभारंभ 7 नवम्बर 2025 को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रातः 10 से 11 बजे तक दूरदर्शन पर प्रसारित होगा। प्रधानमंत्री के उद्बोधन के पश्चात पूरे देश में एक साथ वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया जाएगा। गीत के बोल और धुन ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध हैं।
चार चरणों में होगा आयोजन
-
प्रथम चरण: 7 से 14 नवम्बर 2025
-
द्वितीय चरण: 19 से 26 जनवरी 2026
-
तृतीय चरण: 7 से 15 अगस्त 2026 (हर घर तिरंगा अभियान के साथ)
-
चतुर्थ चरण: 1 से 7 नवम्बर 2026
इन चरणों के दौरान राज्य के सभी जिलों, जनपदों, ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, कार्यालयों एवं सामाजिक संगठनों में राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन और विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
जिलों में मंत्रीगण और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता
राज्य के सभी जिलों में मंत्रीगण, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विशेष कार्यक्रम होंगे। स्थानीय कलाकारों, छात्रों और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित कर अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा।
विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में विशेष गतिविधियाँ
प्रदेश के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में “वंदे मातरम्” पर विशेष सभाएँ, निबंध, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, पोस्टर निर्माण एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी। एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड और स्कूल बैंड के माध्यम से राष्ट्रगीतों की धुन पर प्रस्तुतियाँ दी जाएँगी। राज्य पुलिस बैंड भी सार्वजनिक स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित कर वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंगेगा।
‘वंदे मातरम् ऑडियो-वीडियो बूथ’: अभिनव पहल
राज्यभर में सार्वजनिक-निजी भागीदारी के तहत “वंदे मातरम् ऑडियो-वीडियो बूथ” स्थापित किए जाएंगे। इसमें नागरिक अपनी आवाज़ में वंदे मातरम् गाकर उसे पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। पोर्टल पर गीत की मूल धुन और बोल की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे लोग व्यक्तिगत और भावनात्मक रूप से राष्ट्रप्रेम व्यक्त कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री का संदेश
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि “वंदे मातरम्” की 150वीं वर्षगांठ केवल एक स्मरणीय अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता, आत्मगौरव और मातृभूमि के प्रति समर्पण का जीवंत संदेश है। यह आयोजन नई पीढ़ी को भारत की सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हुए देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रीय चेतना की भावना को और गहराई देगा। वंदे मातरम् केवल गीत नहीं, बल्कि भारत की आत्मा का स्वर है, जिसकी गूंज हर नागरिक के हृदय में नई ऊर्जा और गर्व का संचार करेगी।