Raigarh News: बैंक से निकाले 40 हजार रुपए, पेट्रोल पंप पर कार से थैला चोरी, किसान ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट

रायगढ़ September 22, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
Raigarh News: बैंक से निकाले 40 हजार रुपए, पेट्रोल पंप पर कार से थैला चोरी, किसान ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट

Raigarh News: बैंक से निकाले 40 हजार रुपए, पेट्रोल पंप पर कार से थैला चोरी, किसान ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट

रायगढ़. रायगढ़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक किसान की टवेरा कार से 40 हजार रुपए और जरूरी दस्तावेजों से भरा थैला चोरी हो गया। किसान बैंक से रुपए निकालकर थैला कार की सामने वाली सीट पर रखकर पेट्रोल पंप पहुंचा था। इसी दौरान अज्ञात चोर ने कार का बायां दरवाजा खोलकर थैला पार कर दिया। घटना के बाद किसान ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

दरअसल, ग्राम कुसमुरा निवासी चंद्रशेखर नायक (70) खेती-किसानी करते हैं। सोमवार को घरेलू काम के लिए रुपए निकालने वे अपनी टवेरा से अपेक्स बैंक रामपुर पहुंचे थे। बैंक से खाते से 40 हजार रुपए निकालकर उन्होंने रुपए थैले में रखे और टवेरा की सामने वाली सीट पर रख दिया। इसके बाद वे इंदिरा नगर से ट्रैफिक चौक, गौशाला रोड होते हुए घड़ी चौक स्थित पेट्रोल पंप पहुंचे।

पेट्रोल पंप पर खड़ी की थी गाड़ी, मौका पाकर थैला ले गया चोर

चंद्रशेखर ने टवेरा को पेट्रोल पंप के बाजू में खड़ा किया था। इसी दौरान शाम के समय अज्ञात व्यक्ति ने गाड़ी के बाएं तरफ का दरवाजा खोला और सामने की सीट पर रखा थैला चोरी कर लिया। थैले में 40 हजार रुपए के अलावा अपेक्स बैंक की पासबुक, एसबीआई की चेकबुक, ग्रामीण बैंक की चेकबुक और अन्य दस्तावेज थे।

पता तलाश के बाद थाने में दी सूचना

कुछ देर बाद चंद्रशेखर ने देखा कि सामने वाली सीट पर रखा कैश से भरा थैला गायब है। उन्होंने पेट्रोल पंप और आसपास काफी तलाश की, लेकिन थैला नहीं मिला। इसके बाद वे कोतवाली थाना पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

खबर शेयर करें: