नदी में बहे युवक की लाश मिली, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, दोस्तों का बयान दिल्लगी में धकेला था पानी में
On Wednesday, July 11, 2012
रायगढ़। लाखा के समीप केलो नदी के तट पर पिकनिक मनाने के दौरान नदी में डूबे युवक की लाश आज सुबह अपने-आप उपर आ गयी मृतक रियाज हसन के शव बरामद होने के बाद उसके परिजनो ने हत्या की आशंका जाहिर की है। जिला चिकित्सालय में परिजन शव को लेकर घंटो बैठे रहें और हंगामा भी मचाया।
विदित हो कि गत 8 जुलाई रविवार के दिन लाखा स्थित पिकनिक स्पॉट में पिकनिक मनाने के दौरान रियाज हसन केलो नदी में डूब गया था। गोताखोरों की मदद से पिछले दो दिनों से उसकी तलाश की जा रही थी मगर उसका कोई सुराग नहीं मिल रहा था। इसी क्रम में आज सुबह करीब आठ बजे रियाज के परिजन जब घटना स्थल पर पहुंचे तो उसके शव को नदी के पानी में तैरते हुए देखा और पुलिस को इसकी सूचना देकर शव को किनारे लाने के बाद मर्ग पंचनामा की कार्रवाई पश्चात शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया गया। मृतक के साथ ही उसके परिजन भी जिला चिकित्सालय पहुंचे और नदी में डूबकर मरे रियाज हसन की मृत्यु को अस्वभाविक मृत्यु मानते हुए उसके दोस्तों पर हत्या की आशंका जाहिर करने के साथ-साथ बेवजह उसके जान जाने की बात कही। मृतक के परिजनों का आरोप था कि रियाज हसन तैरना नहीं जानता था इसके बावजूद उसके दोस्तों ने जान बूझकर उसे पानी में धकेला वहीं मृतक के शरीर में जलने तथा चेहरे व मूंह में गंभीर चोट के निशान हैं, जिसे देखते हुए उसकी हत्या किये जाने की उन्हें आशंका है। मृतक के परिजनों ने उसके चारों दोस्तों पर हत्या का संदेह जाहिर किया है। उल्लेखनीय यह भी है कि पूर्व में मृतक के साथ गये इन चारों दोस्तों ने मृतक रियाज हसन के स्वयं ही नदी के पास जाकर डूबने की बात कही थी जबकि पुलिस द्वारा कड़ी पूछताछ किये जाने पर उसके दोस्तों ने अपने बयान को पलटते हुए यह बताया है कि मृतक तैरना नहीं जानने के कारण नदी में नहाना नहीं चाहता था मगर उन्होंने उसे जबरन पानी में धकेला था जहां से पहली बार वह लौट आया और नदी में नहीं नहाने की बात कही मगर मजाक-मजाक में उनमें से एक दोस्त ने उसे पकड़ लिया और उसे लेकर नदी में कूद पड़ा। नदी में कूदने के दौरान तैरना नहीं जानने के कारण रियाज का हाथ इस दोस्त से छूट गया और गहरे पानी में जाकर वह डूब गया। उसके दोस्तों ने रियाज को बचाने का काफी प्रयास किया मगर वे उसे बचा न सके। एक तरफ जहां मृतक के दोस्तों के बयान से रियाज के गैर इरादतन हत्या का मामला सामने आ रहा है वहीं उसके शरीर पर मिले जख्मों के निशान उसकी हत्या किये जाने की ओर इंगित कर रहे हैं। पुलिस ने फिलहाल इस मामले में धारा 305 के तहत अपराध पंजीबद्ध करते हुए पूरे मामले को जांच में ले लिया है।